Followers

Friday, July 21, 2017

सामाजिक कुत्तें

सामाजिक कुत्तें
--------------------
सायं ढलने लगी है,
एक पार्क है,
उसके बगल से गुजर रहा हूँ,
अत्यंत ही मनोरम और शांत वातावरण है,
सिर्फ दो-चार पंक्षियों के चहचहाने से,
नीरवता भंग नहीं होती,
बल्कि एक संगीत सा लगता है,
मन में कुछ विचारों की शृंखलाएँ चल रही है,
मेरे मन में संगीत की कोई नई धुन आकार ले रही है,
मैं बार-बार इसे गुनगुना रहा हूँ,
और आनंद के उत्कर्ष को महसूस कर रहा हूँ,
कि तभी पीछे से कुछ कुत्ते भौंकते हुए,
टूट पड़ते है मुझ पर,
मेरा संगीत बिखर जाता है,
विचारों के शब्द तीतर-बितर हो जाते है,
भय से आक्रांत,
मेरी साँसे कुछ पल के लिए ठहर जाती है,
कुत्ते जा चूके है,
मैं ठीक से साँस लेने लगा हूँ,
मगर जब अपने हृदय के अंदर झाँकता हूँ तो,
वहाँ से वे सारे शब्द/संगीत गायब हो चूके होते है,
सिर्फ खोखलापन/सन्नाटापन पसरा हुआ है,
मेरी आँखों से अनायास ही आँसू बहने लगता है,
यह एक सपना है,
जो कल रात मैंने देखी थी,
वास्तविक जीवन में भी,
अक्सर ऐसे कुत्तों से हमारा/आपका सबका पड़ता होगा,
जो हमारे जीवन के हर संगीत को,
विचारों के हर शब्द को तीतर- बितर करने में लगे है,
हम ऐसे कुत्तों से बहुत त्रस्त है,
हमें ऐसे कुत्तों से बचावो कोई। @ मनोरंजन

Tuesday, June 6, 2017

मन्त्र

ज़िद ऐसी की वज़ूद भूल जाते है,
सारे नियम,कायदे,वसूल भूल जाते है,
मंजिल उन्हें मिलती है,
जो मंजिल पर पहुँचने की चाह में,
असफल हो लौटने की राह भूल जाते है। @मनोरंजन

तड़प

कुछ बनने की तड़प बहुत सालों से मन को बेचैन कर रखा था,
अब लग रहा है,
कुछ बन रहा हूँ,
फ़िलहाल पशु से इंसान बनने की प्रक्रिया जारी है,
देखते है सफलता मिलती है या नहीं। @ मनोरंजन 

Friday, June 2, 2017

फिल्म #हिंदीmedium
मार्केटिंग वह चीज़ है जो गंजे को कंघी बेच दे। " कटप्पा ने बाहुबली को क्यों मारा" यह लाइन एक मार्केटिंग स्ट्रैटजी थी, क्योंकि पहली फिल्म को देख कर ही पता चल गया था कि कटप्पा को राजमाता ने ऐसा करने को कहा होगा। क्यों कहा होगा यह भी साफ़ था, बाहुबली के सामान पराक्रमी उसका भाई भल्लाल देव राज सिंघासन के लिए लालायित था और उसका पिता उसको हर हाल में राजा बनाना चाहता था। फिल्म की कहानी कथानक में ऐसा कुछ भी नहीं था जिसे हमने/आपने पहले पढ़ा/ देखा/ सुना न हो। मगर फिल्म की  मार्केटिंग जबरदस्त थी, यही कारण है कि फिल्म " बाहुबली -2 " सभी रिकार्डों को तोड़ते हुए हिंदुस्तान की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई।  फिल्म ने कितना कमाया इससे मतलब नहीं है, फिल्म बनी ही थी एक " प्रोजेक्ट" की तरह, "प्रोडक्ट" की तरह तो बिकी भी "प्रोडक्ट" की तरह मगर जिस तरह से प्रधानमंत्री/राष्ट्रपति जैसे पदों पर असिन लोगों ने, मंत्रियों ने, नेताओं ने, बुद्धिजीवियों ने, लेखकों ने अपने जुबानों से/अपने कलम से "बाहुबली-2 " फिल्म के कसीदे काढ़े, यह फिल्म उस लायक नहीं है। फिल्म भव्य है मगर भव्य तो सलमान खान की " प्रेम रतन धन पायो" भी थी। फिल्म "बाहुबली -2 " को, इसके नायक प्रभास को, निर्देशक राजमौली को हमारे प्राचीन हिन्दू सम्राटों के सवाहक बनाया गया और हर जुबां में/बच्चे - बच्चे के दिमाग में इनके नाम को घुसेड़ा गया। प्रधानमंत्री/राष्ट्रपति जैसे पदों पर असिन लोगों /मंत्रियों / नेताओं /बुद्धिजीवियों / लेखकों  के  जुबानों से/कलम से अगर किसी फिल्म की चर्चा होनी चाहिए तो वह फिल्म #हिंदीmedium है। इस फिल्म में प्राचीन भारतीय समाज/हिन्दू सम्राट कितने गौरवशाली थे, इसका उल्लेख तो नहीं है मगर वर्तमान के भारतीय समाज के समस्यायों को उभार कर दिखाया गया है। फिल्म #हिंदीmedium में एक तरफ तो हिंदी भाषा के दिनों-दिन होते जा रही पतन को दिखने की कोशिश की गई है वहीं शिक्षा व्यवस्था  में व्याप्त धंधेबाजी/घपलेबाजी/दुकानदारी को साफ़-साफ़ हूबहू दिखाया है, जिसे हममें से अधिकांश लोगों से समय-समय पर अनुभव किया है। फिल्म वर्तमान शिक्षा व्यवस्था को सुधारने की पहल भी करती है। जब किसी अमीर व्यक्ति का बच्चा सरकारी स्कूल जाने लगेगा तो देश के सरकारी स्कूलों का काया पलट हो जायेगा, साथ ही देश की शिक्षा व्यवस्था भी पटरी पर आ जाएगी। इसके लिए कुछ संपन्न लोगों/सरकारी अधियकारियों/नेताओं/बुद्धिजीवियों को  आगे बढ़ कर पहल करने  की जरूरत है।  इलाहबाद हाईकोर्ट ने शिक्षा सुधार के लिए इसी कदम की पैरवी की।  पूरा देश वर्तमान शिक्षा व्यवस्था के समस्या से ग्रस्त है, सबलोग इसमें सुधार करने की जरूरत की वकालत कर रहे है। मगर पहल कोई नहीं करना चाहता। पहल करना तो दूर की बात है, अगर कोई साहित्य/कला द्वारा इस पहल करने को उत्साहित किया जा रहा है तो हम इस प्रयास को भी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुँचाने की कोशिश नहीं कर रहे है। हम  प्राचीन भारतीय गौरव गाथा के गुणगान में वर्तमान भारतीय जनमानस के मौलिक समस्यायों की आवाज को दबा देना चाहते है।  अगर ऐसा नहीं होता तो प्रधानमंत्री/राष्ट्रपति जैसे पदों पर असिन लोगों /मंत्रियों / नेताओं /बुद्धिजीवियों / लेखकों  के  जुबानों से/कलम से #हिंदीmedium फिल्म की चर्चा होनी चाहिए थी। @ मनोरंजन 

समर्पण
=====
जब भी देखा तुम्हारा तमतमाया चेहरा ही देखा,
तुम्हारे आँसुओं को कभी ना देखा,
अगर देख लेता तो जल कर राख हो जाता,
पर देखा नही, तुम्हारी बेबसी, तुम्हारी सादगी,
जब भी देखा, सिर्फ़ तुम्हारे बहानों को देखा,
तुम्हारी बेरुखी, तुम्हारे अभिमान को देखा,
कभी तुम्हारी चाहत को,
तुम्हारी तमन्नाओ को/ तुम्हारी आरज़ू को नही देखा,
कभी दिखा ही नही मुझे तुम्हारी चंचलता,
चहकना खुशी से, हर छोटी-छोटी बातों पर,
तब भी नही, जब तुम सुना रही थी,
अपने पहले शो का स्क्रिफ्ट मुझे,
तब भी नही जब पूछती हर छोटी-छोटी बातें मुझसे,
तब भी मैने सिर्फ़ इतना समझा,
बना रही हो हर कदम बुद्धू मुझे,
कोई लड़की क्यूँ गैरों के साथ बैठ,
सुनाएगी अपनी गाथा?
क्यूँ चल पड़ेगी कहीं भी,
कभी भी बीना कोई परवाह किए,
ऐसे तो कभी सोचा ही नही,
ये भरोशा ही तो था तुम्हारा मुझ पर?
तुम मुझ पर स्नेह रखती हो/ विश्वास करती हो,
इसका और क्या सबूत हो सकता था?
कभी समझा ही नही, तुम्हारे विश्वास को/तुम्हारे एहसास को,
तुम्हारी उदारता, तुम्हारी आत्मीयता,
कि हर कदम करती हो एहसान मुझ पर,
मगर मेरा पुरूष दंभ हर वक्त करता रहा एहसान तुम पर,
हर वक्त उबलते रहा, अपमान से/ अज्ञान से,
तड़पते रहा तुम्हारी बेरुखी से/तुम्हारी दूरी से,
जलते रहा हर वक्त क्रोध में/कम-पिपसा कीआग में,
उठाते रहा हर वक्त सवाल तुम्हारे समर्पण पे/ तुम्हारी बफा पे,
रौंदते रहा हर वक्त तुम्हारे गरूर को/ तुम्हारे स्त्री स्वाभिमान को,
जाना नही कभी भी कि
कब के समर्पित कर चुकी हो अपना सब कुछ मुझे,
मैं ही अभगा दे सका तुम को कुछ भी@मनोरंजन

Tuesday, May 2, 2017

सुनो केजरीवाल सर

सुनो केजरीवाल सर,
अगर सचमुच आपका घमंड टूट गया है तो,
अगर सचमुच जो कर रहे हो वह नौटंकी नहीं है तो,
 अगर सचमुच आप भारतीय राजनीति में एक विकल्प बनना चाहते है तो,
एक उम्मीद/एक आशा बनना चाहते हो तो,
अगर  सचमुच अपने रूठे हुए समर्पित कार्यकर्ताओं को मनाना चाहते हो तो,
अगर मनना ही चाहते हो तो,
योगेन्द्र यादव, प्रशांत भुषण, अनंत सिंह,मयंक गाँधी, मीरा सन्याल, संतोष हेगडे
अंजली दमानियाँ, सुच्चा छोटे सिंह को मनाओ
और ना जाने कितने  ही ऐसे ही समर्पित सैकड़ों कार्यकर्ताओं को मनाओ,
जो बदलाव की राजनीति के सूत्रधार थे,
जो आपके साथ नहीं आये थे,
आप उनके साथ आये थे अपने स्वार्थ के लिए,
अपने मौकापरस्ती  लिए,
वो लोग आये थे देश के राजनीति में एक बदलाव के लिए,
आपमें और उनमें(जो आपके साथ नहीं) बहुत बड़ा फर्क है,
आप अपने स्वार्थ/मौकापरस्ती के लिए किसी के भी साथ गले लग जाते है,
वो पिछले दो सालों से ज्यादा समय से आपसे अलग है,
मगर अपने विचारों के साथ है/अपने आंदोलन के साथ है,
वो किसी भी पार्टी से नहीं जुड़े
जबकि योग्यता, क्षमता और अनुभव में हरतरह से वो आपसे इक्कीस है,
क्या बचा है आपके "आम आदमी पार्टी" में?
स्वार्थी/नाटकबाज/मौकापरस्त लोगों का एक गुट,
जो सत्ता, पवार और पैसा के लिए कितना भी नीचे गीर सकते है,
सच यही है  ना ?
अब भी स्वीकार नहीं करोगे क्या?
स्वीकार करो अपने झूठ को, अपनी कमियों को
तब ही निखर पाओगे,
नहीं तो नाम मिट चुका है "आप" का
भारतीय राजनीति के स्लेट से।  @ मनोरंजन 

Monday, May 1, 2017

मज़दूर दिवस

आलेख
मज़दूर दिवस 
किसी बड़े साहित्यकार/समाजसेवी ने एक जगह लिखा है कि "जब कोई मजदूर/किसान/कामगार अपने बच्चों को सिर्फ इसलिए पढ़ाता है कि बड़ा होकर उसका बेटा साहब बन जाये, उसे जीतोड़ मेहनत नहीं करना पड़े" तो वह मजदूर/किसान/कामगार अपने काम का/अपने परिश्रम का तौहीन कर रहा होता है, अपने काम को /अपने परिश्रम को इतना हेय दृष्टि से देखने वाले लोगों का देश कैसा होगा? बिल्कुल हमारे भारत देश जैसा ही होगा। शिक्षा बहुत जरूरी है मानव के सम्पूर्ण विकास के लिए, एक बेहतर इंसान के निर्माण के लिए, मगर कोई पिता अपने बच्चों को सिर्फ इसलिए पढाये कि बड़ा होकर उसे काम नहीं करना पड़े, सिर्फ ओहदे का इस्तेमाल करके घर भर जाये तो यह शिक्षा बहुत दोषपूर्ण है। होता भी यही है सिर्फ मजदूर/किसान/कामगार ही नहीं हममें से अधिसंख्य लोग अपने परिश्रम से/अपने काम से ऊबे होते है, और दूसरों के बनती बड़ी-बड़ी कोठियों/कारों को देख कर आह भरते है कि काश हम थोड़े और पढ़-लिख कर उसके जैसा बन जाते, उसके पद को पा जाते तो हमारे पास भी यह सब होता। यहाँ स्पष्ट होता है कि वह बड़ी-बड़ी कोठियाँ/ कार सिर्फ मासिक वेतन से नहीं बनते, हम सब जानते है कि यह पैसा बेईमानी का पैसा है, फिर भी हम उनके जैसा ही बनना चाहते है। पढ़ते समय/प्रतियोगी परीक्षाओं के तैयारियों के समय बहुत कम मित्र ऐसे थे जो बड़ा ऑफिसर बन कर देश के भ्रष्टाचार को ख़त्म करना चाहता हो, देश के हालात को बदलना चाहता हो, अधिसंख्य मित्रों का मकसद सिर्फ परीक्षा पास कर बड़ा आदमी बनने की चाह ही रहती है। 
देश के हालात तब तक नहीं बदल सकता जब निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति /मजदूर/किसान/कामगार को सम्मान के नज़र से नहीं देखा जाने लगेगा। लोग कहते है कि मोदी जी के आने से देश का माहौल बदला है, मगर हम सब जानते है कि देश के माहौल को कोई मोदी/कोई सरकार नहीं बदल सकती। हाँ एक उम्मीद जरूर पैदा हुई है कि देश बदलेगा, मगर देश तब बदलेगा जब यहाँ रहने वाले लोगों का सोच बदलेगा। मोदी जी/ या सरकार क्या इस दिशा में कोई काम कर सकते है कि सबसे निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति/मजदूर/किसान/कामगार को सम्मान के दृष्टि से देखा जाने लगेगा?
हमारे देश में/हमारे समाज में या यूँ भी कह सकते है पुरी दुनिया में कामयाब लोगों की कामयाबी देखी जाती है, मेहनतकश लोगों की मेहनत नहीं देखी जाती। सम्मान उसी का होता है जो येनकेन प्रकारेण सीढ़ियाँ चढ़ते -चढ़ते ऊपर पहुँच जाता है। 
सिर्फ मजदूर/किसान/कामगार ही नहीं बल्कि हर क्षेत्र में मजदूर है। लेखन के क्षेत्र में लेखक अपनी उम्र गुजार देता है, दिन-रात पेपर पर कलम घिसते -घिसते मगर सम्मान/यश/धन उन्हें नहीं मिलता बल्कि प्रकाशकों को मिलता है, या उन्हें मिलता है जो जानते है लॉबिंग करना, लोगों को इस्तेमाल करके ऊपर चढ़ना जानते है, सम्मान उनका होता है। प्रेमचंद/निराला/मुक्तिबोध किसी को भी उनके जीवन काल में वह सम्मान नहीं मिला, सम्मान मिला मगर तब जब वे प्रकाशकों के जरूरत बन गए। 
हमारे यहाँ शिक्षकों को पहले बहुत कम वेतन मिलता था, जिसके प्राइवेट ट्यूसन की परंपरा शुरू हुई जो आगे चल कर कोचिंग सेंटर/शिक्षण माफिया में तब्दील हो गई है। हमारे यहाँ वैज्ञानिक बनने में ज्यादा छात्रों की रुचि नहीं होती क्योंकि दिन-रात मेहनत/परिश्रम करने के बाद भी एक इंजिनियर से भी कम कमा पाते है वैज्ञानिक, और सम्मान ? उनके दफ्तर के क्लर्क का ज्यादा होता है एक वैज्ञानिक से। कारण स्पष्ट है हमारे यहाँ सब कुछ बाजारवाद से नियंत्रित होता है अगर आपके पास पैसा नहीं है तो सम्मान भी नहीं है। 
चित्रकार/कलाकार/नृत्यकार /नाटककार ये सब भी जीवन भर संघर्ष करते है, मगर सम्मान सिर्फ चंद लोगों का ही होता है। यहाँ तक कि राजनीति में भी ऐसे बहुत लोगों को मैं जानता हूँ जो दिन-रात लोगों के समस्यायों को सुलझाने में लगे रहते है, अपने निजी काम को त्याग कर भी, मगर सम्मान उन्हें मिलता है जो मौके पर चौका मार कर कुछ बन जाते है। 
एक बार सुविख्यात अभिनेता अक्षय कुमार ने स्वीकार किया था कि वो खुशकिस्मत है जो इस मुकाम पर है, वरना " मुझसे बेहतर दिखने वाला/प्रतिभाशाली सैकड़ों नवजवान है जो क्रूमेम्बर से आगे नहीं बढ़ पाते फिल्म इंडस्ट्री में। यह असमानता हर जगह है, हर जगह चढ़ते सूर्य को नमस्कार करने की परंपरा है। 
हमारे क्रिकेटर/सेलिब्रिटी जितना अपने काम से नहीं कमाते उसके सौ गुना अपने शोहरत के बदौलत कमाते है, मेरे या आपके कहने से यह रूक नहीं सकता, मगर यदि वे क्रिकेटर/सेलिब्रिटी चाहे एक बेहतर देश बनाना /एक बेहतर समाज बनाना तो वो अपने शोहरत के कमाई को अन्य खेलों /अन्य कलाओं पर खर्च करके अपने जैसे बहुत सेलिब्रिटी पैदा कर सकते है, मगर वो ऐसा नहीं करते। प्रतियोगिता है, जहाँ इतना पाने के बावजूद भी कोई ब्रांड हाथ से निकल जाने से मलाल होने लगे वहाँ कोई क्यों अपने लिए इतने प्रतियोगी पैदा करेगा?
मगर यह परंपरा सही नहीं है, देश का यह माहौल अच्छा नहीं है। अच्छा तब होगा जब मेहनत करने वाला वर्ग सम्मान को महसूस करने लगेगा, जब मजदूर/किसान/कामगार/कलाकार/चित्रकार/नाटककार/लेखक ( मेहनत करने वाले वर्ग ) को सम्मान मिलने लगेगा। देश तब बदलेगा। मोदी जी क्या इस दिशा में कोई काम करेंगे? उम्मीद है, क्योंकि वे स्वयं उस वर्ग से आये है। मगर यह उम्मीद बहुत भारी है, मुश्किल है। देश के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती है। हमारे आने वाली पीढियों को ईमानदार/मेहनती/कार्यकुशल बना कर एक सक्षम/ शक्तिशाली राष्ट्र निर्माण के लिए इस चुनौती को/इस उम्मीद को पुरा करना बेहद जरूरी है। 
 @ मनोरंजन कुमार तिवारी