सभी देशवासियों को, और व्रती मित्रों/ भाइयों/बहनों और माताओं को "छठ महापर्व " की हार्दिक बधाई और शुभकामना !
मुख्य रूप से बिहार, पूर्वांचल का यह महापर्व अब पूरे देश में सम्पूर्ण आस्था और पवित्र रह कर मनाया जा रहा है।शुक्रवार को 'नहाय-खाय' के साथ चार दिवसीय लोक आस्था अैर सूर्य उपासना का महापर्व छठ प्रारंभ हो गया। परिवार की समृद्घि और कष्टों के निवारण के लिए इस महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को छठ व्रती दिन भर बिना जलग्रहण किए उपवास रखने के बाद सूर्यास्त होने पर 'खरना' करेंगे, इस दौरान वे भगवान भास्कर की पूजा करेंगे और बाद में दूध और गुड़ से बने खीर का प्रसाद सिर्फ एक बार खाएंगे तथा जब तक चांद नजर आएगा, तब तक ही जल ग्रहण कर सकेंगे और इसके बाद से उनका करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा।रविवार को अस्ताचल को जाते सूर्य भगवन को कमर तक पानी में डूब कर पहला "अर्ध्य" दिया जायेगा और सोमवार के सुबह उगते हुए सूर्य को दूसरा "अर्ध्य" देने के साथ यह महापर्व संपन्न हो जायेगा। नदियों/ तालाबों के किनारे इकट्ठा होकर "छठ" गीत गाते श्रद्धालुओं को देख कर मन में आस्था और भक्ति भाव स्वतः ही आ जाता है। प्रसाद के रूप में ठेकुआ, जिसे कुछ क्षेत्रों में टिकरी भी कहते हैं, के अलावा चावल के लड्डू, जिसे लड़ुआ भी कहा जाता है, बनाते हैं। इसके अलावा चढ़ावा के रूप में लाया गया साँचा और फल( नारियल, ईख,घागल नींबू, पानी फल, आदी अनेक प्रकार के फल होते है) भी छठ प्रसाद के रूप में शामिल होता है।शाम को पूरी तैयारी और व्यवस्था कर बाँस की टोकरी में अर्घ्य का सूप सजाया जाता है और व्रति के साथ परिवार तथा पड़ोस के सारे लोग अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने घाट की ओर चल पड़ते हैं। सभी छठव्रती एक नीयत तालाब या नदी किनारे इकट्ठा होकर सामूहिक रूप से अर्घ्य दान संपन्न करते हैं। सूर्य को जल और दूध का अर्घ्य दिया जाता है तथा छठी मैया की प्रसाद भरे सूप से पूजा की जाती है। इस दौरान कुछ घंटे के लिए मेले का दृश्य बन जाता है।




No comments:
Post a Comment
Write here