Followers

Tuesday, January 17, 2017

बेचारी बन्नी की मम्मी

बेचारी बन्नी की मम्मी 
-------------------------
सुबह से रात हो जाती है,
लगी रहती है,
अपने घर को सजाने में,
बच्चे जो है बिगड़ैल,
उन्हे सँवारने में।
वह रोज अपने दो कमरे के घर में,
सेण्ट छिटकती है,
कोने-कोने- को चमकाती है,
सारे सोफा, तकिया करीने से लगाती है,
और वह बच्चा, जो आठवी में पहुँच कर भी,
शब्दों को पढ़ नहीं पता,
उसे पुचकारती है,
झिड़क देता है वह अपनी माँ को,
जैसे वह, उसकी नौकरानी हो,
सायं को अपने घर में अगरबत्ती जला कर,
जैसे किसी देवता के आने की इंतज़ार करती है,
पति घर आता है,
हुलास कर जाती है पति के पास,
जुटी रहती है, उसके तीमारदारी में,
एक मिनट के लिये भी दूर नहीं जाती उससे,
क्या पता, कब क्या माँग ले वे,
बैठी रहती है,
तब तक, जब तक,
वह अपने पान मशाला भरे मुंह से,
उसके घर की और उसकी हालत,
पहले जैसा करके पैर पसार के सो ना जाये,
फिर अगले दिन वही कहानी,
कुछ दर्द जीवन में घुल कर जिंदगी जैसे ही लगने लगते है ना @ मनोरंजन

Monday, January 16, 2017

जिस्म

लाखों बार कही गई किसी बात को,
नकारने में डर तो लगता ही है,
फिर भी जी करता है कि,
फूलों, कलियों और चाँदनी के दूधिया प्रकाश से,
सजाया जाता रहा जिस्म को,
काँटों का झुण्ड लिख दूँ,
कि उलझ जाता है इश्क इसमें,
और लहूलुहान हो जाता है। मनोरंजन

Sunday, January 8, 2017

शासकों की तुलनात्मक विश्लेषण

अँग्रेजों ने हमें कलकता, बम्बई ,शिमला, दिल्ली और पोर्ट ब्लेयर जैसे अनेक शहर बना कर दिए, (यहाँ पर और पुराने भारतीय शासकों ने जो बनाया/ विकास किया, उसको नजरअंदाज नहीं कर रहा हूँ, इसलिए बकलोली मत करना कोई, तुलनात्मक विश्लेषण करो, मैं वही करना चाहता हूँ) 
मुझे आश्चर्य होता है, क्या सच में वे लूटेरे/ दमनकारी/क्रूर शासक थे? और पिछले 70 साल से जो सरकारें है वह न्यायपूर्ण/ जनसेवक/लोकहितार्थ कार्य कर रही है?अँग्रेज भेद-भाव करते थे, और पिछले 70 सालों से देश के लोगों से शासक वर्ग, भाईचारा का रिश्ता रखे है? कहीं कोई भेद-भाव नहीं है? 
विकास की बात करें? विकास तब ज्यादा हुआ था या अब हुआ है? कौन डेढ़ सायना कहता था कि भारत में तब एक सूई तक नहीं बनती थी ? ये कलकता, बम्बई ,शिमला, दिल्ली और पोर्ट ब्लेयर की इमारतें भूत बना जाते थे?कौन फैला रहा है ये सब बातें? भारत में तब सूई भी नहीं बनती थी ! दमन की बात करें? आजादी के बाद जितने लोग हिंसा के शिकार हुए, उतने अंग्रेजों के 200 सालों में भी नहीं हुए थे। ये हिंसा अंग्रेजों ने नहीं हमारे राष्ट्रभक्तों ने कराया था और कराते रहे है।आप एक "जालियावाला बाग़" के नाम पर अब तक रोये जा रहे हो, ऐसे ना जाने कितने "जालियावाला बाग़" आजादी के बाद हो चुके है। थोड़ा पढ़ो और विश्लेषण करो तब पता चलेगा कि अमीर लोगों के लिए तब भी अलग व्यवहार था, गरीब के लिए अलग था। ग़रीबों के खून चूसे जाते थे, अब भी चूसे जाते है, और आगे भी चूसे जाते रहेंगे। ग़रीब तब भी इस्तेमाल करने के चीज़ थे, अब भी है, आगे भी इस प्रवृति के शिकार होते रहेंगे। ये किसी शासक का दोष नहीं है, प्रवृति का दोष है और प्रवृतियाँ, परिवेश के अनुकूल आकार ग्रहण करती है। दुनियाँ के हर हिस्से में गरीबों का शोषण होता था, अब भी होता है और आगे भी होता रहेगा। सोचने की बात यह है कि आप ग़रीब क्यों हो? और ग़रीब हो तो इसका बेहतर इस्तेमाल कैसे कर सकते हो ? आज देश के निर्वाचन चुनावों में 60 -65 प्रतिशत मतदान होता है, इसमें 50 % हिस्सा गरीबों का होता है, 14 % मध्यवर्ग और सिर्फ १% अमीर होता है (एक अनुमान है) तो अब आपको सोचना है कि आप 50 % की तरह सोचोगे या 15% मुस्लिम, 15 % दलित 15 % पिछड़ा और 5 % स्वर्ण के रूप में बँट कर सोचोगे? @ मनोरंजन

Thursday, December 29, 2016

वक़्त

वक़्त
-----------
वक़्त के धूल से भर गये,
ना जाने कितने तालाब, कुँए और नहर,
ना जाने कितने चबूतरे और चौपाल
समतल और सुनसान हो गए,
ना जाने कितने बग़ीचे वीरान हो गए,
वक़्त के अंधड़ों में,
झर गए ना जाने कितने ही पेड़ों के,
ना सिर्फ पत्ते, शाखाएं भी,
दूर कहीं बियाबान में खड़ा ठूंठ,
वक़्त की बेहरमी की कहानी बयाँ करता है,
वक़्त क्या कुछ नहीं करता?
पुराने ज़ख्मो को भरता है,
नए जख़्म बनाता है,
कितने ही ऐसे नाम जो कभी
प्राणामृत हुआ करते थे,
वक़्त ने उन्हें विस्मृत कर दिया,
वक़्त सिखाता है कि
जिंदगी सिर्फ इतनी ही नहीं है,
अभी और भी निशान बाकी है वक़्त के,
जो किस रंग के होंगे नहीं पता,
पता सिर्फ इतना है कि
वक़्त के साथ कदम मिला कर चलने के प्रयास में,
घिसटते जा रहे है वक़्त के साथ में। @ मनोरंजन 

नसीहत

मेरे मोबाइल फोन में एक ऐसा भी नम्बर है,
जिसे हर रोज अपनी अँगुलियों से सहलाता हूँ,
पर फोन नहीं करता कभी, ना संदेश कोई भेजता हूँ,
बुजुर्गों के नसीहत पर अमल करता हूँ,
" सूख चुके जख़्मों को नाख़ून नहीं लगाते " @ मनोरंजन 

Sunday, December 25, 2016

आदरणीय अटल जी के कलम से।
गीत नहीं गाता हूँ
................ ...
बेनकाब चेहरे है, दाग बड़े गहरे है,
टूटता तिलिस्म, आज सच से भय खाता हूँ,
गीत नहीं गाता हूँ।
टूटे हुए सपने की सुने कौन सिसकी,
अंतः की चीर व्यथा पलकों पर ठिठकी,
हार नहीं मानूंगा, रार नहीं ठानउऊंगा,
काल के कपाल पर लिखता, मिटाता हूँ,
गीत नया गाता हूँ।

महान कवि भारत रत्न सम्मान से सम्मानित विश्व के उच्च कोटि के राजनीतिज्ञ भूतपूर्व प़धान मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई ।
महान शिक्षाविद मानवता के रक्षक हिन्दु विश्व विद्यालय के संस्थापक देश हित के लिए उत्साहित रहने वाले महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी को शत शत नमन करता हूँ ।








Monday, December 19, 2016

सर्दियों में मन अनायास ही उदास हो जाता है

कितना अच्छा लगता था,
लिखना तुम्हे सोच कर,
लिखना बस सिर्फ अपने लिए,
ना कहीं छपने की चाह थी,
ना तारीफ़ की/ इनाम की हवस,
वो लम्हा बेसकीमती/ अनमोल होता था,
जब तुम्हे सोचते हुए लिखता था,
रौशनी चाहूँ ओर होती थी,
हर हर्फ़ चमकता था तुम्हारे दाँतों की तरह,
इधर लोग कहते है कि " वह कविता नहीं है"
और मैं कविता लिखने के प्रयास में,
खोए जा रहा हूँ भीड़ के अँधेरे में,
सर्दियों में मन अनायास ही उदास हो जाता है।@ मनोरंजन